009-215-5599
info@gmail.com

गठन एवं इतिहास

गठन एवं इतिहास

(विचारों के समन्वय से जनआंदोलन तक की यात्रा)

जनता दल (यूनाइटेड) का गठन भारतीय राजनीति में एक महत्वपूर्ण पड़ाव रहा है जिसने समाजवादी विचारधारा को एक सशक्त और संगठित मंच प्रदान किया। यह केवल विभिन्न राजनीतिक दलों के विलय का परिणाम नहीं था बल्कि समान मूल्यों, सिद्धांतों और जनसेवा के संकल्प से जुड़े विचारों का एक व्यापक समन्वय था। इसका का गठन जनता दल, लोक शक्ति और समता पार्टी के विलय के साथ हुआ जिसमें 30 अक्टूबर 2003 को स्वर्गीय जॉर्ज फर्नांडीस और श्री नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली समता पार्टी का जनता दल में औपचारिक विलय हुआ जिसे ‘जनता दल (यूनाइटेड)’ नाम दिया गया। यह प्रक्रिया संगठनात्मक एकीकरण के साथ-साथ वैचारिक एकता का भी प्रतीक थी जिसमें समाजवादी आंदोलन की विभिन्न धाराओं को एक साथ लाकर एक मजबूत राजनीतिक आधार तैयार किया गया। इस एकीकरण के साथ पार्टी की नई पहचान भी निर्मित की गई जिसमें जनता दल का ‘तीर’ चुनाव चिन्ह और समता पार्टी के हरे एवं सफेद झंडे को मिलाकर एक नई राजनीतिक पहचान दी गई जो परंपरा और नवाचार दोनों का संतुलित प्रतीक है।

जनता दल (यूनाइटेड) के गठन में उन समाजवादी नेताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही जिन्होंने जनआंदोलनों के माध्यम से राजनीति को समाज परिवर्तन का प्रभावी माध्यम बनाया। पार्टी की वैचारिक प्रेरणा महात्मा गांधी, डॉ. राम मनोहर लोहिया, लोकनायक जयप्रकाश नारायण, भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर और कर्पूरी ठाकुर के आदर्शों से प्राप्त होती है जिनके विचारों ने भारतीय समाज में समानता, न्याय और लोकतंत्र की मजबूत नींव स्थापित की। इन आदर्शों से प्रेरित होकर जनता दल (यूनाइटेड) ने अपने गठन के साथ ही यह स्पष्ट कर दिया कि उसका उद्देश्य केवल राजनीतिक भागीदारी तक सीमित नहीं है अपितु समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और न्याय सुनिश्चित करना है। इसी सोच के अनुरूप पार्टी ने अपने संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत किया और आम जनता से सीधे जुड़कर उनकी समस्याओं को समझने तथा उनके समाधान के लिए सतत प्रयास किए।

समाजवादी विचारधारा के वाहक के रूप में JD (U) ने समाज के अंतिम व्यक्ति के उत्थान को केंद्र में रखते हुए निरंतर विस्तार किया और अल्प अवधि में ही बिहार के साथ-साथ झारखंड, मणिपुर, नागालैंड और अरुणाचल प्रदेश जैसे राज्यों में भी अपनी प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज करवाई। इन राज्यों की जनता ने JD(U) की समावेशी विकास की सोच पर विश्वास जताया और उसे समर्थन प्रदान किया।

वर्ष 2005 जनता दल (यूनाइटेड) के इतिहास में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित हुआ, जब पार्टी ने बिहार में शासन की जिम्मेदारी संभाली और सुशासन, विकास तथा सामाजिक संतुलन के क्षेत्र में नए मानक स्थापित किए। इसके बाद से JD(U) लगातार बिहार की राजनीति में एक केंद्रीय भूमिका निभा रही है और राज्य के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध रूप से कार्य कर रही है।

JD(U) का यह सफर केवल राज्य स्तर तक सीमित नहीं रहा बल्कि पार्टी ने राष्ट्रीय राजनीति में भी सक्रिय भागीदारी निभाते हुए केंद्र सरकार के विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया और देश के विकास में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया।

जनता दल (यूनाइटेड) का इतिहास केवल राजनीतिक घटनाओं का क्रम नहीं है बल्कि यह एक सतत यात्रा है जिसमें विचारधारा, संघर्ष, संगठन और जनसेवा का समन्वय है। यह यात्रा इस बात का प्रमाण है कि जब राजनीति का आधार सेवा, समर्पण और सामाजिक न्याय हो तब वह समाज में वास्तविक और सकारात्मक परिवर्तन लाने की क्षमता रखती है।

आज जनता दल (यूनाइटेड) अपने गठन के मूल सिद्धांतों और आदर्शों के साथ आगे बढ़ते हुए एक ऐसे भविष्य की ओर अग्रसर है जहां समावेशी विकास, सामाजिक न्याय और सुशासन के माध्यम से एक सशक्त और संतुलित समाज का निर्माण कर रही है।